Saturday 16 April 2016

जापान में दो भूकंपों में 29 लोगों की मौत, सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका





जापान में दो भूकंपों में 29 लोगों की मौत, सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका
एक के बाद एक भूंकप से दहला जापान (REUTERS फोटो)
माशिकी (जापान): दक्षिण पश्चिमी जापान में 24 घंटे के अंतराल में आए दो शक्तिशाली भूकंपों में 29 लोग मारे गए हैं और सैकड़ों लोग ध्वस्त हो चुके घरों के मलबे में दबे हैं। भूकंप के कारण हजारों लोगों को जिम और होटल लॉबियों में जाकर शरण लेनी पड़ी है।

राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है जिसके चलते अभी मरने वालों की संख्या का सही सही पता नहीं चल पाया है। कुमामाटो प्रांत के अधिकारी तोमोयुकी तनाका ने बताया कि समय के साथ मृतकों की संख्या बढ़ रही है। बीती रात एक बजकर 25 मिनट पर आए 7. 3 तीव्रता के भूकंप में 19 लोग मारे गए हैं। इस भूकंप ने दक्षिण पश्चिमी क्यूशु द्वीप को हिलाकर रख दिया। गुरूवार की रात क्यूशु में 6. 5 तीव्रता का भूकंप आया था जिसमें दस लोग मारे गए थे और 800 अन्य घायल हुए थे।

घायलों की संख्या लगातार बदल रही है...
तनाका ने बताया कि घायलों की संख्या लगातार बदल रही है और उनके पास कोई सटीक आंकड़ा नहीं है। भूकंपों के बाद अन्य भूकंपीय झटकों का आना जारी है। आज सुबह 5. 4 तीव्रता का झटका भी महसूस किया गया। जापान मौसम एजेंसी ने कहा कि आज तड़के आया भूकंप मुख्य भूकंप हो सकता है जबकि इससे पूर्व आया भूकंप , भूकंप के आने से पहले का झटका हो सकता है ।

दोनों भूकंपों का केंद्र करीब दस किलोमीटर की गहराई में स्थित था जिससे इसके सतह के अधिक करीब होने के कारण इमारतों को अधिक नुकसान हुआ।

No comments:

Post a Comment